Wednesday, October 8, 2008

172 वां दिन

शूटिंग स्थल पर, मुंबई 8 अक्टूबर, 2008 / 7 अक्टूबर, 2008 9:00pm के लिए लिखा गया

हाँ … तो हुआ ये कि 'सर्वर' के 'अपग्रेड' के चक्कर में मैं उनके निर्देशानुसार इस ब्लॉग का प्रयोग करने में असमर्थ रहा। लेकिन अब यह काम कर रहा है और मैं वापस आपके साथ हूँ …
'तीन पत्ती' की शूटिंग एक जीर्ण-शीर्ण अवस्था में त्याग दिए गए एक कारखाने में हो रही है, जिसके अपने फ़ायदे हैं। कोई नहीं आता है यहाँ आपसे मिलने के लिए।

काम देर रात तक चलता रहा और फिर घर पहुँचा तो वहाँ मेहमान आए हुए थे एक ज्ञानवर्धक डिनर के लिए। बहुत अच्छा वार्तालाप हुआ और मज़ाक भी। श्वेता मुखिया थी कई विषयों पर। प्राचीन इतिहास, मानव विकास, एक राष्ट्र के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाएँ, वे व्यक्तित्व जिन्होंने हमारी सोच को एक दिशा दी और उस पर हावी हुए, समकालीन (और असमकालीन) पुस्तके और लेखक। बहुत ही आनंददायी शाम। बहुत ज्ञानवर्धक और ऊर्जापूर्ण।

पर उससे पहले एक छोटा सा नमन देवी को। आज अष्टमी थी और जया और मैं पारंपरिक बंगाली परिधान पहन कर दुर्गा माँ की पूजा करने और उनसे प्रार्थना करने गए। बहुत छोटी, मधुर और भक्ति से ओतप्रोत। अच्छा लगा।

बाद में और लिखूँगा। अभी के लिए …

'शुरुआत करो उससे जो ज़रुरी है। फिर वो करो जो सम्भव है। अचानक तुम पाओगे कि जो असम्भव है उसे भी तुम कर पा रहे हो।'

सब को मेरा प्यार,
अमिताभ बच्चन
http://blogs.bigadda.com/ab/2008/10/08/day-172/

Monday, October 6, 2008

171 वां दिन

प्रतीक्षा, मुंबई अक्टूबर 6, 2008 10:59 pm

ज़िंदगी अब फिर पर लौट रही है। एक ढर्रे पर। एक नियमत तौर पर। ये सुबह तड़के ही आप को झकझोड़ देती है। मैं सुबह 3 बजे उठ जाता हूँ - यह सोचकर कि 6 बज गए हैं, और मुझे उठ कर जिम जाना चाहिए, व्यायाम करना चाहिए, दिल पर जोर डालना चाहिए, अच्छी तरह से साँस लेनी चाहिए। इससे काफ़ी ऊर्जा मिलती है।

पर जब काम शुरू होता है, तो मुद्दें और परिस्थितियां, प्रतिबद्धता और राय, अटकलें और सलाह, सब गड्डमड्ड हो कर, मिलजुल कर एक ऐसा विशालकाय पीड़ादायक पहाड़ बन जाते हैं, जो मानो आपकी चमड़ी और आत्मा को उधेड़ कर ही रख देगा।

इतनी नफरत और बुराई भरी हुई है उनमें जो कि प्रकट रुप से किसी खोज में हैं। लेकिन वे केवल द्वेष ढूंढने में ही सफल हो पाते है। शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का कितना कुछ हिस्सा जाया हो जाता है एक विनाशकारी मन के निर्माण में। एक ऐसा मन जो कि सच्चाई को नकारता रहता है। एक प्रतिगामी शरीर जो कि बिना सोचे समझे हर किसी को अयोग्य ठहराने का प्रयास करता है। भावी पीढ़ी के लिए एक ऐसा विलेख लिख जाता है जिसकी न तो किसी को ज़रुरत है और न ही इच्छा।

ऐसे मन और ऐसे विचार और ऐसी अभिव्यक्ति से हमारा सामना क्यों होता है? क्या ये हमारी पूर्व-निर्धारित किस्मत और परिस्थिति है। क्यों बुराई की परछाई पड़ती है अच्छाई पर? क्यों बुरे का कमीनापन शुद्ध साहस को गंदा कर देता है। तकि त्रुटिपूर्ण अस्तित्व के दाग़ को एक स्थायित्व मिल सके?

मैं कुछ नाजायज़ सवाल पूछ रहा हूँ और अवांछित से भी।

समझदारी तो इसी में है कि मैं एक सामान्य और श्रमसाध्य रुप में पेश आऊँ। खैर, अभी के लिए …

"जो बाहर देखता है वो सपने देखता है, जो अंदर देखता है, वो जग जाता है।"

"एक छोटा सा बिंदु एक बड़े वाक्य पर विराम लगा देता है। लेकिन … 3 बिंदु मिल जाए तो वे उस वाक्य को एक निरंतरता दे सकते हैं। कमाल है, लेकिन सच है कि हर अंत एक शुरुआत हो सकता है। "

"कभी कभी भगवान हमसे हमारी क्षमता से ज्यादा काम करवाता है। वह हमारी परीक्षा लेता है। क्योंकि उसे हमारे उपर हमसे ज्यादा विश्वास है।"

"विजेता मौके ढूंढता है और जब वे नहीं मिल पाते हैं तो खुद ही उन्हें बना लेता है।"

"दूसरों की गलतियों से सीखें। आप इतने दिन नहीं जी सकते कि आप खुद इतनी गलतियां कर सके।"



नमस्कार, आदाब, सत श्री अकाल, शुभ रात्रि, शब ए खैर, गुड नाईट!!

अमिताभ बच्चन
http://blogs.bigadda.com/ab/2008/10/06/day-171/

Sunday, October 5, 2008

170 वां दिन

प्रतीक्षा, मुंबई अक्टूबर 5, 2008 10:56 pm

आज 169 वें दिन की सिर्फ़ 100 टिप्पणियों का जवाब दे पाया और बुरा लग रहा है कि बाकी को नहीं दे पाया। लेकिन मैं दूँगा समय मिलते ही।

तस्वीरें। एक संगीत कार्यक्रम की मेरे मोबाइल से, बहुत दूर से, ली गई, लेकिन कुछ अंदाज़ा तो दे ही देती है कि वहाँ क्या हो रहा था। दूसरी दो तस्वीरें मेरी शूटिंग से हैं। 'तीन पत्ती' फ़िल्म के एक शॉट के विडियो असिस्ट की तस्वीरें।

पहले दिन की शूटिंग में बहुत गड़बड़ और अनिश्चितता और परेशानी होती है। पता ही नहीं चलता है कि चरित्र को कैसा रंग दिया जाए, यूनिट नया होता है और एक भयानक आत्म चेतना का अहसास। उम्मीद है कि वक़्त के साथ साथ सब ठीक हो जाएगा।

बच्चें मेरे साथ मुंबई आ गए हैं। दशहरा-दीवाली की वजह से लम्बी छुट्टी है उनकी। कितनी खुशी होती है उन्हें घर में उछल-कूद करते हुए देखकर। जब वे आते हैं तो दीवाली, दशहरा, होली सब एक साथ ही मना लिए जाते हैं। स्टाफ भी खुश रहता है, उनके कमरे साफ़ किए जाते हैं और उनकी सारी ज़रुरते पूरी की जाती हैं। बिस्तर बड़े करीने से बनाए जाते हैं, उनके खेल आदि के सामान अपनी जगह पर रख दिए जाते हैं। और जो भोजन उन्हें पसंद है वो खास तौर से रसोई में बनता है। अचानक पूरा घर सक्रिय हो जाता है और एक नई शक्ति का संचार हो जाता है। बच्चें एक अपने अनूठी अंदाज़ में कितनी खुशी ले आते है अपने साथ।

आज के बच्चे तेजी से बोलते हैं और उतनी ही तेजी से सोचते भी है। मुझे उनकी बराबरी करना मुश्किल लगता है। और वीडियो गेम्स?? वे तो इसके बादशाह हैं। हर खेल में मैं उनसे हारा जिस जिस भी खेल में उन्होंने मुझे चुनौति दी। और एक बार वे शुरु हो जाए फिर तो एक डायनासौर ही हटा सकता है उन्हें विडियो गेम्स से।

बच्चों का और श्वेता का आना अच्छा लग रहा है। ऐश्वर्या दिल्ली से गोवा चली गई शूटिंग के लिए। अभिषेक और ऐश्वर्या थोड़े दिन बाद मणिरत्नम की फिल्म के लिए चले जाएगे एक लम्बे अरसे के लिए। बच्चें दिल्ली चले जाएगे स्कूल के लिए। जया और मैं इस कमरे से उस कमरे अकेले घूमते रहेंगे, उनकी याद करते हुए।

बच्चें। जितना हम उन्हें चाहते हैं, उतना ही जीवन उन्हें हमसे दूर ले जाता है।

मेरा प्यार,

अमिताभ बच्चन
http://blogs.bigadda.com/ab/2008/10/05/mobile-pix-2/

Saturday, October 4, 2008

169 वां दिन

सोपान, नई दिल्ली, अक्टूबर 5, अक्टूबर 4, 2008 के लिये लिखा गया, 8:35am

माफ़ कीजिए!

बस नाती-नातिन और उनकी मस्ती में इतना व्यस्त रहा कि मैं कल रात आ न सका आपके और ब्लाग के पास।

संगीत का कार्यक्रम 'स्नैप' बहुत आनंददायक रहा। इतनी मेहनत से बनाया गया और प्रस्तुत किया गया। हर विभाग में कमाल की बारीकी और मेहनत दिखाई दी। हर छोटे बच्चे ने ईमानदारी से और लगन से अपनी भूमिका अदा की। इतनी खुशी हुई। कमाल का आत्मविश्वास था, मन को लुभाने वाले इन युवा अभिनेताओं में!

सेट, परिधान, गीत और नृत्य और सबसे महत्वपूर्ण बात इस कार्यक्रम की अवधारणा, बस बिल्कुल असाधारण। और मैं तो कहूँगा कि छोटी नव्य-नवेली ने, नि:संदेह, अपने नृत्य से कार्यक्रम में चार चाँद लगाए।

एक उल्लेखनीय और आत्मीय और सबसे सुखद शाम गुज़री बच्चो के साथ, और दिल्ली के पुराने दोस्तों से मुलाकात, कुछ कालेज के, कुछ स्कूल के, अब सब दादा-दादी हैं, सब अपने पोतो-पोती को समर्पित, सफ़ेद बाल वाले वृद्ध। कैसे समय हमें बदल देता है। शाम खत्म हुई घर पर रात के भोजन के साथ जिसमें समधी परिवार भी साथ थे, और हँसी-खुशी के साथ कार्यक्रम के बारे में कई किस्से सुनाए गए, कई बाते की गई।

बच्चे होते ही इसलिए हैं। वे इस ब्रह्मांड की बनाई हुई सबसे अच्छी चीज है। कई लोग चाहते हैं कि एक इस तरह की गोली बनाई जाए ताकि बच्चे हमेशा ऐसे ही रहे - प्यारे, लुभावने और मासूम।

कितनी अद्भुत होगी ऐसी दुनिया!!

अब मैं वापस काम की और लौट रहा हूँ। शूटिंग के लिए। 'तीन पत्ती' के लिए। हड़ताल खत्म हो गई है। समस्या सुलझ गई है शायद। कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाना चाहिए और यथायोग्य श्रेय। वे फ़िल्म उद्योग की रीढ़ की हड्डी हैं।

दिन के दौरान और लिखूँगा, तब तक के लिए ..

अमिताभ बच्चन

Friday, October 3, 2008

168 वां दिन

सोपान, नई दिल्ली अक्टूबर 3/4, 2008 2:00 am

मैं नई दिल्ली में हूँ। सोपान में। सीढ़ियाँ। घर के बीच में एक सीढ़ी है जो ऊपरी मंजिल तक जाती है, उसी को देख कर मेरे पिता ने इस घर का नाम रखा था, सोपान । सोपान, उनकी एक पुस्तक का शीर्षक भी था।

गुल मोहर पार्क। '60 के दशक के शुरु में ये एक जंगल था। लंबी जंगली घास उगती थी यहाँ। न सड़क, न बिजली। एक ऐसा क्षेत्र जिसे सरकार ने लेखकों और पत्रकारों को आवंटित कर दिया था। मुझे याद है जब मैं यहाँ मेरे पिता को मिले प्लॉट को देखने आया था। रात का समय था, और कार की रोशनी ही एक रोशनी थी जिसके सहारे हम प्लॉट और प्लॉट के आसपास की जगह का अंदाजा लगा सके। भयग्रस्त चुप्पी में भेड़ीयों की चीख। ये जगह केवल कुछ सौ गज आगे थी, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) से - जो कि एक प्रशंसित चिकित्सा संस्थान है।

आज सोपान, गुल मोहर पार्क, दिल्ली का एक तरह से केंद्र ही है। घर, अस्पताल, स्कूल, प्रसिद्ध सिरि फोर्ट सभागार और कालोनियाँ ही कालोनियाँ, हाईवे, फ़्लाई-ओवर, बाज़ार।

इस खुले विस्तार पर, मैंने ये घर बनवाया था अपने माता पिता के लिए, कुछ सफलताओं के हाथ आ जाने के कुछ वर्षों बाद। मेरे पिता का संसद में राज्य सभा का कार्यकाल समाप्त हो गया था और अब उन्हें रहने के लिए एक जगह की जरूरत थी। मैं उन्हें मुंबई मेरे साथ रहने के लिए ले आया था; जो कि एक आम भारतीय परंपरा है। वे आए, और हमारे साथ रहे, लेकिन कहीं मुझे लगा कि उन्हें एक ऐसे घर की ज़रुरत है जो उन्हें अपना लगे। एक तरह का स्थायित्व, जिसे वे अपना कह सके।

एक औरत और एक पत्नी कभी आराम से नहीं रह सकती जब तक कि वो अपना एक छोटा सा घर न बना ले। यह उसकी सबसे बड़ी पूंजी होती है, जब पिता का घर छोड़ने के बाद वो शादी करती है एक नया जीवन शुरू करने के लिए। ये मेरी नज़र में, एक औरत के जीवन का सर्वोच्च बलिदान है। अपनी जिंदगी के शुरु के 20-25 साल जिस घर में बीते, उसे छोड़ देना और दूसरे घर में जा कर फिर से बसना। अपने नए परिवेश को अब अपना घर कहना। फिर से ज़िंदगी शुरू करना। बहुत कठिन है। इसलिए मेरी नज़रों में नारी हमेशा प्रशंसा की पात्र रही हैं। इसलिए मुझे तलाक और अलगाव की बातें सुनकर बहुत दु:ख होता है। टूटे हुए घर और बिखरे हुए परिवार। बहुत दु:ख होता है।

पत्नी, चाहे जैसे हो, या चाहे जैसी परिस्थिति हो, हमेशा अपने घर की रक्षा करती है, पोषण करती है, जैसे वो कर सकती है। वो इसे सजाएगी, संवारेगी और चलाएगी, जैसा कि कोई और नहीं कर सकता। और न ही किसी और व्यक्ति को इसे चलाने की अनुमति दी जाएगी। चाहे उनकी बहुत ज्यादा उम्र हो जाए, बूढ़ी हो जाए, असहाय हो जाए, लेकिन घर को चलाने के विषय में उनका ही निर्णय अंतिम रहेगा। आप की मजाल नहीं कि आप कोई सवाल करे, सुझाव दे या अपना मंतव्य जाहिर करे। पति महोदय! आपको चेतावनी दे दी गई है। इन झमेलों से दूर रहें अगर आप चाहते हैं कि घर में शांति बनी रहे … और खाना भी!!

सोपान।
मेरे पिता को अपने लेखन के लिए एक छोटा कोना मिल गया। उन्होंने अपनी आत्मकथा का अंतिम भाग यहाँ पूरा किया। उनकी किताबें और उनकी मेज अभी भी वैसे ही रखी है जैसे वे उन्हें छोड़ गए थे। सब कुछ - उनकी निजी वस्तुएँ, कागज और लेखन सामग्री, सब अचल और स्थिर। मैं अब वहाँ सोता हूँ जहाँ वे सोते थे और जहाँ वे बीमार पड़ गए थे, आत्मकथा के अंतिम अध्याय को लिखने के बाद, जिसकी उन्हें आशंका थी और इसकी घोषणा उन्होने तभी कर दी थी जब आत्मकथा का चौथा खंड शुरू ही किया था। जया अब इस घर की संरक्षक हैं, और वे अधिकतम समय यहीं बिताती है, संसद की गतिविधियों के कारण। उन्होंने कुछ कोने सही किये हैं और कुछ सजावटी परिवर्तन। ऐसे परिवर्तन जो कि स्वागत योग्य है, आत्मीय है और सुरुचिपूर्ण। आजकल वे व्यस्त हैं परिवार के पुराने कागज़ातों को इकट्ठा करने में। पुराने पत्र, इलाहाबाद और दिल्ली और नैनीताल और कोलकाता के हिस्से। पांडुलिपियाँ और स्केचेस और चित्र जो कि अनदेखे से पड़े थे, अपनी बहाली की भीख माँगते हुए। सब धीरे धीरे दीवारों और कमरों में पहुँच रहे हैं, कुछ यहाँ तो कुछ मुंबई में। कुछ को डिस्क में ढाल दिया गया है। कुछ को कम्प्यूटर में उतार दिया गया है। एक बहुत ही मूल्यवान और श्रमसाध्य कार्य। सब भावी पीढ़ी के लिए।

सोपान।
यह एकजुटता का एक डेरा है। दस-बारह प्राणियों का भरा-पूरा निकट परिवार, यहाँ साथ रहता है और हँसी-किलकारियों से भर देता हैं - जैसा कि एक संयुक्त परिवार में होता है। यहाँ जीवन के कुछ कठोर क्षण भी गुज़रे हैं। एक दीवाली पर मेरा हाथ यहीं जला था और वो दर्दनाक दृश्य जब मेरी माँ दौड़ी-दौड़ी सीढ़ियों से ऊपर हमारे बेडरुम में आई थी, सांस रोके - श्रीमती इंदिरा गांधी की हत्या का समाचार ले कर। अभी भी वो अच्छी तरह से याद है। और एक नए वर्ष की पूर्व संध्या की सुखद घड़ी जब हमने श्वेता की निखिल के साथ सगाई की घोषणा की।

और आज मैं यहाँ देखूँगा अपने पोते-पोती नव्य-नवेली और अगस्त्य का एक संगीत कार्यक्रम जिसे उनकी माँ ने तैयार किया है, जिससे अर्जित आय उन बच्चों की देखभाल के लिए खर्च की जाएगी जिन्हें कैंसर हैं।

ऐश्वर्या मुंबई से सुबह कोलकाता गई थी एक समारोह के लिए और यहाँ देर से आई। अभिषेक सुबह आएगे। सोपान फिर से नए चेहरों से चमक उठेगा, वो घर जिसे मेरी माँ ने बनाया और सम्हाला।

मैं उस फोटो के सामने खड़ा हूँ जिसमे हम - माँ, पिताजी, मेरे भाई और मैं हूँ। ये फोटो तब लिया गया था जब ये घर बस बना ही था। जया ने बड़े ध्यान से एक दीवार सुसज्जित की है, बीते दिनों की याद ताज़ा करने के लिए। बीच बीच में परिवार के उन सदस्यों की भी तस्वीर है जो बाद में हमारे परिवार में शामिल हुए। निकि (निखिल) और नंदा परिवार, पोते-पोती और अब ऐश्वर्या। अभिषेक की दो साल की उम्र की फोटो। अभिषेक अब 6'3" के हैं। युवा अमिताभ अजीब तरह की हेयर-स्टाईल में। अमिताभ अमिताभ की हेयर-स्टाईल में। और अमिताभ - ठोड़ी पर सफेदी लिए हुए। जया एन सी सी की वर्दी में। जया अच्छी तरह से खड़े सांसदों की भीड़ में।

अंत में जीवन सिर्फ़ एक फोटो बन के रह जाता है दीवार पर।

आप को मेरा प्यार और प्यार --

अमिताभ बच्चन
http://blogs.bigadda.com/ab/2008/10/04/day-168/

167 वां दिन - भाग 2

मीडिया पर मीडिया से एक दिलचस्प लेख.

विषय: प्रिंट मीडिया किस तरह हावी हो रहा है इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर।

मैंने देखा है कि प्रिंट मीडिया में इस मुद्दे पर काफ़ी बहस और बातचीत हो रही है। मैं इसे उचित और निष्पक्ष और प्रासंगिक मानता हूँ। और मैं इसकी चर्चा करना आवश्यक समझता हूँ, क्योंकि मैं आज के समाज के लिए इसे महत्वपूर्ण और प्रासंगिक पाता हूँ। हम पर अति का प्रहार हो रहा है और उससे हमें नुकसान हो सकता है। यह स्पष्ट है कि इसमें सुधार की जरूरत है, लेकिन आशंकित रहना भी ज़रुरी है।


अमिताभ बच्चन

http://blogs.bigadda.com/ab/2008/10/02/news-cutting/#more-463

167 वाँ दिन - भाग 1

अस्सलामुअलाईकुल वा रहमतुल्लाही वा बरकतू

अगर इरादे नेक न हो तो सारे अच्छे कर्म बेकार हो जाएगे।
हमारे सलह, सदाक़ात, सियाम (उपवास) या अन्य अच्छे कर्म का
कोई मूल्य नहीं यदि हमारे इरादे नेक नहीं है. एक भक्त और एक पाखंडी की प्रार्थना एक जैसी हो सकती है लेकिन उनके इरादें (उद्देश्य / प्रयोजन) अलग होते हैं।. रसूल अल्लाह (सल्लालाहू अलाही वा सल्लाम) ने कहा है कि "कर्मों का इनाम उनके आशय पर निर्भर करता है और कहा
हर व्यक्ति को इनाम उसके इरादे के अनुसार मिलेगा।" इरादा दिल में होता है। अगर हृदय भ्रष्ट है
इरादा भी भ्रष्ट होगा, और हर वो काम, जो गलत मंशा के साथ किया जाए वो व्यर्थ ही होगा।

http://blogs.bigadda.com/ab/2008/10/02/intentions/#more-461